पटना , अप्रैल 29 -- राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में संचालित बुनियाद केंद्रों पर मुफ्त नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत अबतक 89 हजार 526 लोगों का मुफ्त नेत्र परीक्षण किया जा चुका है। इसमें 76 हजार 27 लोग ऐसे पाए गए हैं, जिन्हें चश्मा की आवश्यकता पाई गई है। यह अभियान 05 मई तक जारी रहेगा। चश्मा वितरण की प्रक्रिया नेत्र जांच के 15 दिनों बाद शुरू की जाती है। इसके मद्देनजर अबतक 12 हजार 771 लोगों को चश्मा दिया जा चुका है। इस अभियान के माध्यम से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है।
इसके पहले चरण की शुरुआत 23 मार्च से की गई थी, जिसमें 86 हजार लाभार्थियों का नेत्र जांच किया गया। इसमें 73 हजार से अधिक लोगो को चश्मा की जरूरत पाई गई। इनमें अबतक 11 हजार 714 लाभार्थियों को चश्मा दिया जा चुका है। इस चरण में सबसे अधिक गोपालगंज जिले के गोपालगंज सदर बुनियाद केंद्र पर 1406 लाभार्थियों का नेत्र जांच हुआ। जरुरत के अनुसार 1135 लाभार्थियों को चश्मा निर्धारित किया गया। विभाग ने प्रत्येक बुनियाद केंद्र पर एक हजार चश्मा वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है, वहीं सभी केंद्रों पर एक लाख चश्मा वितरण का लक्ष्य निर्धारित है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत राज्य के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर नियमित रूप से नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञों के माध्यम से लाभार्थियों की जांच कर उन्हें चश्मा दिए जाने के लिए अनुशंसित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित