पटना , जून 14 -- बिहार के बस पड़ावों को दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों की तर्ज पर आधुनिक, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है।निगम पीपीपी मोड में राज्य के 31 स्थानों पर विश्वस्तरीय आधुनिक बस पड़ाव का निर्माण कराएगा। इन टर्मिनलों में शॉपिंग मॉल, कैफेटेरिया, होटल, पीवीआर और एंटरटेनमेंट जोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो न सिर्फ यात्रियों को सुविधा देंगी बल्कि बस यात्रा को एक सुखद अनुभव भी बनाएंगी। यहां डीजल और पेट्रोल रिटेल आउटलेट भी स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पर्याप्त ईवी चार्जिंग स्टेशन मौजूद होंगे, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा।
निगम ने पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मुंगेर, जमुई, नवादा, सहरसा, पालीगंज, लहेरियासराय, मधुबनी, किशनगंज, मोतिहारी, छपरा, सुल्तानगंज, नौबतपुर, बरबीघा, मोकामा, चकाई, सीतामढ़ी, बिहारशरीफ, औरंगाबाद, आरा, जहानाबाद, संग्रामपुर, तारापुर, भदौनी, सिकंदरा और राजगीर जैसे शहरों को चिन्हित किया है।
परियोजनाओं के तहत बड़े से लेकर छोटे शहरों तक का चयन किया गया है, जिसकी बदौलत इन स्थानों का शहरीकरण और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण को गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और निगम का राजस्व भी बढ़ेगा।
यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन टर्मिनलों में आधुनिक एसी युक्त प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, यात्री सहायता काउंटर, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक अनुकूल सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, एटीएम, दीदी की रसोई और ई-चार्जिंग स्टेशन जैसी उत्कृष्ट सुविधाएं दी जाएंगी। ये बस डिपो पांच मंजिला होंगे। ग्राउंड फ्लोर पर बस पार्किंग और वर्कशॉप होगी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर निगम कार्यालय, कैफेटेरिया, दुकानें, एसी-नॉन एसी वेटिंग रूम, डॉर्मेटरी, गेस्ट रूम, महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, बैंक्वेट हॉल, शॉपिंग मॉल, होटल और एंटरटेनमेंट जोन विकसित किए जाएंगे।
यह परियोजना बस स्टैंडों को मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित करेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके लिए निगम जमीन उपलब्ध कराएगा और निर्माण व रखरखाव की जिम्मेदारी निजी भागीदार निभाएंगे। निर्माण के बाद बस पड़ाव लगभग निर्धारित वर्षों की लीज अवधि के लिए निजी एजेंसी को दिए जाएंगे। इस दौरान रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी भी एजेंसी की ही होगी। लीज अवधि समाप्त होने के बाद ये सुविधाएं पूर्ण रूप से निगम को ट्रांसफर कर दी जाएंगी। यह पहल राज्य में बस यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित