ब्यावर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान में युवा मामले एवं खेल विभाग के निर्देशानुसार राज्य में 'खेलो राजस्थान' अभियान एक दिसंबर से शुरू होगा।

ब्यावर जिला खेल अधिकारी डॉ दिनेश कुमार चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि खेलो इंडिया खेलों की तरह पहली बार आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत पारंपरिक खेलों सहित कुल 12 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों मेंग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक किया जाएगा। अभियान के सफल आयोजन के लिए ग्रामीण विकास, शिक्षा, पंचायतीराज, स्वायत्त शासन, जिला प्रशासन एवं खेल विभाग को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में एक दिसंबर से 15 जनवरी 2027 तक वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। द्वितीय चरण में एक अप्रैल से 15 मई 2027 तक कबड्डी, फुटबॉल, जूडो एवं शूटिंग और तृतीय चरण में 15 अगस्त से 30 सितंबर 2027 तक खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल एवं सतोलिया खेलों की प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। द्वितीय एवं तृतीय चरण की तिथियां संभावित हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में होंगे अलग-अलग खेल प्रतियोगिता में रखे गये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकशी, कुश्ती एवं सतोलिया और शहरी क्षेत्रों में कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जूडो, रस्साकशी एवं सतोलिया की प्रतियोगिताएं होंगी। तीरंदाजी एवं निशानेबाजी की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिताओं के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन, ब्लॉक स्तर पर 10 दिन और जिला एवं राज्य स्तर पर पांच-पांच दिन निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर तक खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीयन करवा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित