जहानाबाद , अप्रैल 01 -- हकारिता विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार नेबुधवार को जहानाबाद जिले के किनारी पैक्स में "रबी विपणन मौसम 2026-27" के अंतर्गत राज्य में गेहूँ अधिप्राप्ति का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा "राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पैक्सों एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से राज्य में गेहूँ अधिप्राप्ति का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिससे राज्य के किसानों को उनके गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य की राशि गेहूँ बिक्री के 48 घंटे के भीतर उनके नामित के खाते में किया जा सके तथा किसानों को गेहूँ की बिक्री के लिए बिचौलियों पर निर्भर न रहना पड़े।"रबी विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत राज्य में गेहूँ अधिप्राप्ति का कार्य 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 15 जून 2026 तक पैक्स, व्यापार मंडलों एवं केन्द्रीय एजेन्सी भारतीय खाद्य निगम के द्वारा संचालित किया जायेगा। भारत सरकार की ओर से निर्धारित गेहूँ के न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपया प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ की खरीददारी की जायेगी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रूपये प्रति क्विंटल अधिक है। इस वर्ष राज्य में गेहूँ अधिप्राप्ति का कुल निर्धारित लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन है। गेहूँ अधिप्राप्ति के लिये पंचायत स्तर पर पैक्स एवं प्रखण्ड स्तर पर व्यापार मंडल को अधिप्राप्ति अधिकरण के रूप में अधिकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त भारतीय खाद्य निगम को भी राज्य में चिन्हित प्रखण्डों में गेहूँ अधिप्राप्ति के लिये अधिकृत किया गया है। पैक्स/व्यापार मंडलों में गेहूँ बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटों के भीतर PFMS प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में 48 घंटे के अंदर राशि का भुगतान किया जायेगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार अपने पंचायत के पैक्स अथवा व्यापार मंडल में गेहूँ की बिक्री कर सकता है।
"खरीफ विपणन मौसम 2025-26" के अंतर्गत राज्य में धान अधिप्राप्ति का कार्य उल्लेखनीय सफलता के साथ संपन्न हुआ है। भारत सरकार की ओर से "खरीफ विपणन मौसम 2025-26" के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति के कुल निर्धारित लक्ष्य 36.85 लाख मीट्रिक टन के विरुद्ध 36.79 लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की गई, जो लक्ष्य का 99.84 प्रतिशत है।
राज्य में रोहतास जिले में सबसे ज्यादा 3,28,977 मीट्रिक टन, कैमुर जिले से 2,34,383 मीट्रिक टन, औरंगाबाद में 1,80,902 मीट्रिक टन, गयाजी में 1,73,277 मीट्रिक टन तथा पूर्वी चम्पारण में 1,46,599 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की गई। इस वर्ष विशेष रूप से छोटे एवं मँझौले किसानों की भागीदारी अधिक रही है। औसतन प्रत्येक किसान से 67.61 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की गई। इस अवधि में कुल 5,40,474 किसानों ने अपने धान की बिक्री पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से की। इनमें से 5,07,476 किसानों (94 प्रतिशत ) को उनके धान का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों को उनके नामित खाते में भुगतान की प्रक्रिया तीव्र गति से जारी है।
गेहूँ बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अपने प्रखण्ड में पदस्थापित प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा संयुक्त निबंधक के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं इसके साथ-साथ विभागीय हेल्प लाईन नं०-06122200693 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
आज औरंगाबाद में 78.6 मीट्रिक टन, समस्तीपुर में 27.5 मीट्रिक टन, सिवान में 30.8 मीट्रिक टन सहित राज्य के अन्य जिलों में कुल 303.6 मीट्रिक टन गेहूँ की अधिप्राप्ति की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित