पटना, जुलाई 17 -- िहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सर्व मौसमीय सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। इस योजना के अंतर्गत उन ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा रहा है, जहाँ अब तक सड़क सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सुलभ हो रहे हैं।
योजना के तहत राज्य में अब तक 6,078 ग्रामीण सड़कों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लंबाई 8,035.81 किलोमीटर है। इनमें से 2,392 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिसकी कुल लंबाई 2,807.97 किलोमीटर है, जबकि शेष स्वीकृत सड़कों पर निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।
इस योजना के अंतर्गत पूर्वी चंपारण में सर्वाधिक 282 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अतिरिक्त कैमूर में 212 सड़कें, औरंगाबाद में 168 सड़कें, गया में 159 सड़कें तथा बांका में 151 सड़कें का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।इसी प्रकार जमुई में 88 सड़कें, मधुबनी में 88 सड़कें , सुपौल में 64 सड़कें, सीवान में 82 सड़कें तथा कटिहार में 76 सड़कें का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।
इसके साथ ही अन्य प्रमुख जिलों में पश्चिम चंपारण में 86.75 किलोमीटर, पूर्णिया में 77.72 किलोमीटर, रोहतास में 77.47 किलोमीटर, किशनगंज में 75.88 किलोमीटर, मुजफ्फरपुर में 75.75 किलोमीटर, समस्तीपुर में 70.44 किलोमीटर, गोपालगंज में 63.15 किलोमीटर, सीतामढ़ी में 58.46 किलोमीटर, बक्सर में 52.91 किलोमीटर तथा पटना में 51.52 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।
मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क का दायरा लगातार बढ़ रहा है। बेहतर सड़क नेटवर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने, विद्यार्थियों को शैक्षणिक संस्थानों तक जाने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुँचने तथा आमजन को आवश्यक सुविधाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती और विकास को नई गति प्राप्त हो रही है।
ग्रामीण कार्य विभाग गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ एवं समयबद्ध सड़क निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर राज्य के प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित