छपरा , जनवरी 21 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे बिहार के लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
श्री चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान सारण जिले के छपरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में काम मिले, इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में देश की सबसे बेहतर औद्योगिक नीति को लागू किया गया है। यहां उद्योग लगाने के लिए सरकार एक रुपये में जमीन उपलब्ध करा रही है। 15 दिनों में ऋण मंजूर किया जा रहा है। इसके बाद बिहार में सेमीकंडक्टर तक की फैक्ट्रियां लग रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की सभी बंद चीनी मिलें चालू कराई जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने न्याय यात्रा, प्रगति यात्रा से लेकर समृद्धि यात्रा के माध्यम से जनता से सीधा संवाद कर बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के दौरान जनता की जरूरतों को समझकर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में घर-घर बिजली पहुंचाने का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहार के शहरों में भी मुश्किल से पांच घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन आज गांवों में चौबीस घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में एक करोड़ 90 लाख परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे लगभग एक करोड़ 70 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। बिहार में सड़कों का व्यापक जाल बिछा है। गांव-गांव ही नहीं बल्कि गली-गली तक सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही छपरा में हवाईअड्डा का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे सारण और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार एवं पर्यटन को नई गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए युवा कौशल विभाग का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को कौशल युक्त बनाया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में पचास लाख सरकारी नौकरी और रोजगार दिए गए हैं। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होने कहा कि सारण की जनता ने दस में से सात सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)को जिता कर मजबूत सरकार बनाने का जनादेश दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजग सरकार जनता से किए हर वादे को पूरा करेगी और बिहार को विकास को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित