हैदराबाद , मार्च 25 -- तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बीच जनता से नहीं घबराने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष एम अमरेंद्र रेड्डी ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि ईंधन की कमी के बारे में झूठी और भ्रामक रिपोर्टों के कारण लोग घबराकर खरीदारी (पैनिक बाइंग) कर रहे हैं, जिससे बिक्री में असामान्य वृद्धि हुई है। यह खरीददारी सामान्य स्तर से लगभग तीन गुना अधिक है और इसके कारण कुछ खुदरा विक्रेताओं के पास अस्थायी रूप से स्टॉक कम हो गया है।

एसोसिएशन ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला सामान्य रूप से काम कर रही है।

परामर्श जारी करते हुए एसोसिएशन ने डिब्बों (कैन्स) में पेट्रोल या डीजल जमा करने के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि यह पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेसो) मानदंडों का उल्लंघन है तथा इससे आग लगने का गंभीर खतरा हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई कि वे केवल अपनी नियमित जरूरतों के अनुसार ही ईंधन खरीदें और भंडारण के लिए अनधिकृत कंटेनरों का उपयोग करने से बचें।

इस बीच, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी राज्य में पेट्रोल, एलपीजी सिलेंडर और यूरिया की उपलब्धता का आकलन करने के लिए बुधवार को विधानसभा समिति हॉल में अधिकारियों के साथ एक आपातकालीन समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसी भी कमी को रोकने के लिए एहतियाती उपायों और प्रभावी स्टॉक प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित