जालौन , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने शुक्रवार को जालौन में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
राज्य मंत्री विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विद्युत विभाग को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या दूर कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सरकारी अस्पतालों में सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा मरीजों को बाहर से दवाएं नहीं लिखने के लिए कहा गया।
राज्य मंत्री ने कृषि विभाग को उर्वरकों के वितरण की व्यवस्था सुचारु रखने तथा खाद केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नमामि गंगे परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने लगभग 170 किलोमीटर लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्य को एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग को स्कूल चलो अभियान में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
बैठक में विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित