पटना , जून 20 -- िहार विकास मिशन के अंतर्गत सात निश्चय 3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शनिवार को विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पॉलिटेक्निक संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्तमान में राज्य में संचालित 46 पॉलिटेक्निक संस्थानों में से 44 संस्थानों में सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस का संचालन किया जा रहा है, जिसमें अभी तक 26,710 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस की गुणवत्ता और बेहतर बनाई जाए। सभी पॉलिटेक्निक संस्थान एवं इंजिनियरिंग कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों को एनआईआरएफ एवं एनबीए से आच्छादित करने के लिए आवेदन समर्पित किए जाएं।इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेजों में इंवायरमेंट क्लियरेंस का कोर्स कराने, सिविल वर्क के प्रमाणीकरण के लिए क्वालिटी कंट्रोल लैब एवं इंवायरमेंट क्लियरेंस के सर्टिफिकेट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विकास आयुक्त ने कहा कि पॉलिटेक्निक संस्थानों को आईएसओ प्रमाणीकरण दिलाने के लिए भी पहल की जाए। सभी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में स्पोर्टस क्लब का गठन किया जाए। भवन के चहारदीवारी के चारों तरफ पौधारोपण भी कराया जाए। सभी तकनीकी संस्थानों पर सोलर सिस्टम अधिष्ठापित कराया जाए एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग भी कराया जाए।सभी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में सोलर टेक्निशियन, इलेक्ट्रिकल वाहन, बैट्री मेनटेनेन्स कोर्स, शिपिंग कोर्स, रोबोटिक कोर्स कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि इलेक्ट्रिकल वाहन की निर्माता कंपनी जैसे टाटा, महिन्द्रा, हुण्डई आदि के साथ कम से कम एक तकनीकी शिक्षण संस्थान को संबद्ध कर वहां अध्ययनरत छात्रों को प्रशिक्षण दिलाया जाए।
बैठक में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह के अतिरिक्त हिमांशु शर्मा, सचिव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, रजनीश कुमार सिंह, अपर निदेशक, बिहार विकास मिशन, आशुतोष रंजन, उप मिशन निदेशक, बिहार विकास मिशन एवं योजना एवं विकास विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित