पटना , अगस्त 21 -- बिहार में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में बिहार लोक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के 17 विश्वविद्यालयों के लंबित डिग्री, अंकपत्र और अन्य शैक्षणिक अभिलेखों को 30 सितंबर, 2026 तक राष्ट्रीय शैक्षणिक भंडार एवं शैक्षणिक क्रेडिट बैंक पोर्टल पर अपलोड किये जाएँगें।
अपर मुख्य सचिव ने बैठक में विश्वविद्यालयवार अपलोड की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की प्रगति की समीक्षा अब हर 15 दिन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी। वहीं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के शैक्षणिक अभिलेखों के अपलोड की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाएगी।
श्री सिंह ने कहा कि बिहार के पुराने शैक्षणिक अभिलेखों को डिजिटल रूप में उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय शैक्षणिक भंडार एवं शैक्षणिक क्रेडिट बैंक के राष्ट्रीय समन्वयक ने बताया कि बिहार की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए लंबित अभिलेखों के डिजिटलीकरण और अपलोड के लिए पोर्टल एक सितंबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक पुनः खोला जाएगा।
बैठक में बताया गया कि पुराने हस्तलिखित और कागजी अभिलेखों को डिजिटल स्वरूप में बदलने के लिए विश्वविद्यालयों को उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से आवश्यक कर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित