पटना, मई 19 -- नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार की ओर से नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के लंबित निर्वाचन कार्य को पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया है। श्री मिश्रा ने बताया कि सभी जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), बिहार को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने जिलों के प्रत्येक नगर निकाय में सशक्त स्थायी समिति का निर्वाचन 26 मई 2026 से 31 मई 2026 तक सुनिश्चित कराएं।
मंत्री ने बताया कि पूर्व में राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन 15 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक संपन्न कराने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इस संबंध में विभाग द्वारा आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि पूर्व में अपरिहार्य कारणों से सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचन की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया था कि जिन नगर निकायों में 15 अप्रैल 2026 को निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी थी, वहां वैधानिक रूप से निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति द्वारा कार्य जारी रखा जाएगा।
मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि अब राज्य सरकार ने स्थगित निर्वाचन प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है।
श्री मिश्रा ने उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशक्त स्थायी समिति के गठन से नगर निकायों में विकास कार्यों के निष्पादन में और अधिक गति आएगी तथा शहरी प्रशासन को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित