अलवर , मई 25 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार द्वारा राज्य के चहुंमुखी विकास की दिशा में नये आयाम स्थापित किये जा रहे हैं।

श्री यादव सोमवार को राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ के दुब्बी भजेडा स्थित मीन भगवान मंदिर में 16वें मीन भगवान महोत्सव में कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र चहुंमुखी विकास पहली प्राथमिकता है और आमजन की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, रेल, शिक्षा, चिकित्सा आदि क्षेत्रों सार्थक प्रयास करते हुए विकास को गति प्रदान की गई है।

श्री यादव ने कहा कि अलवर में पर्यटन की अपार संभावनाओं एवं अलवर देश में सबसे बडे पर्यटन क्षेत्र के रूप में उभरे ,इसे दृष्टिगत रखते हुए सरिस्का क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ाने भर्तृहरि, पाण्डुपोल, भानगढ़, काकवाड़ी की योजना बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि राजगढ़ में रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं में विस्तार होने के साथ ही यात्रियों के लिए ट्रेनों का ठहराव कराया गया है और राजगढ़वासियों की मांग को दृष्टिगत रखते हुए रेल मंत्री से मिलकर और ट्रेनों का ठहराव कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित