पटना , अप्रैल 17 -- बिहार गन्ना उद्योग विभाग के निर्देश पर चीनी मिलों ने किसानों से क्रय किये गए गन्ना मूल्य का 96 प्रतिशत राशि भुगतान कर दिया है, तथा शेष बकाया राशि भुगतान करने की कार्रवाई की जा रही है।
गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार राज्य में संचालित दस चीनी मिलों द्वारा पेराई सत्र 2025-26 में किसानों से 09 अप्रैल 26 तक कुल 572.66 लाख क्विंटल गन्ना का क्रय किया था। इसके एवज में गन्ना किसानों को 2137.83 करोड़ रूपये का भुगतान करना था।
बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना क्रय शुरू होने के साथ ही सभी चीनी मिल संचालकों को गन्ना मूल्य का भुगतान करने का निर्देश दिया था, जिससे किसानों को समय से गन्ना का पैसा मिल सके। इसके साथ ही विभाग द्वारा लगातार गन्ना किसानों को होने वाले भुगतान की निगरानी की जा रही थी।
विभाग के अनुसार किसानों के कुल देय राशि 2137.83 करोड़ रूपये के विरुद्ध अबतक 2054.01 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है, जो देय राशि का 96 प्रतिशत है।
ईख आयुक्त ने बताया कि गन्ना किसानों को देय राशि का भुगतान करने की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। उन्होने कहा कि चीनी मिल संचालकों ने भी तत्परता के साथ किसानों को देय राशि का भुगतान करने में रूचि ली, जिसके वजह से अब तक 96 प्रतिशत राशि का भुगतान कर दिया गया है। शेष बकाया राशि का भुगातन करने की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित