रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो की तैयारियों की कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज समीक्षा की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में एयर शो के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, परिवहन और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर प्रवेश एवं आवागमन, ड्रॉप जोन की लेबलिंग, पुलिस सहायता और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयोजन स्थल पर विद्युत आपूर्ति, सॉफ्ट ग्राउंड, मेंटेनेंस, मोबाइल टॉयलेट और कार्यालयीन कार्यों के लिए आवश्यक स्थान सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को आयोजन स्थल की जरूरतों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में अतिथियों के आगमन एवं स्वागत, परिवहन, पार्किंग और एयर शो के प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। दर्शकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सहायता तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान आम नागरिकों और दर्शकों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित