नयी दिल्ली , नवंबर 01 -- केंद्र ने त्योहारों से पहले राज्य सरकारों को करों में उनके हिस्से के अग्रिम हस्तांतरण के रूप में अक्टूबर के अंत में 1,09,019 करोड़ रुपये जारी किए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए राज्यों को पूंजीगत खर्च में तेजी लाने तथा विकास एवं कल्याण से जुड़े व्यय के लिए धन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कर हस्तांतरण की यह अग्रिम राशि जारी की गयी है। यह राशि नियमित मासिक कर हस्तांतरण के अतिरिक्त है और चालू वित्त वर्ष में यह दूसरी अतिरिक्त किस्त है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि मजबूत आर्थिक गतिविधियों और कर संग्रह में हुई अच्छी बढ़ोतरी के कारण इस वित्तीय वर्ष में राज्यों को यह दूसरी अतिरिक्त किस्त जारी करना संभव हो पाया है।
उन्होंने डिजिटल मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस राशि से राज्यों को बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने, कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए धन जुटाने और पूरे भारत में आर्थिक विकास को और गति देने में मदद मिलेगी।
श्रीमती सीतारमण ने कहा कि यह राशि आगामी त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है, ताकि राज्य सरकारें अपने पूंजीगत खर्च में तेजी ला सकें और विकास एवं कल्याण से जुड़े खर्चों का वित्तपोषण कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित