लखनऊ , जून 18 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तथ्यों, बरामदगी और सबूतों के सामने आने के बाद भी अब तक जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बातें कहीं । श्री सिंह ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि थाने में औपचारिक तहरीर भेजकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामलों में पहले भी कई बार अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं।

सांसद ने बताया कि वर्ष 2021 में भी उन्होंने जमीन खरीद से जुड़े कथित घोटालों को सबूतों के साथ उजागर किया था। उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर तब आरोपियों पर एक्शन लिया जाता तो आज यह स्थिति नहीं बनती।

संजय सिंह का आरोप है कि मंदिर से जुड़े चढ़ावे, दानपात्र और बहुमूल्य वस्तुओं को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ जमीन खरीद सौदों में भी आर्थिक अनियमितताओं के आरोप हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में इन सभी मामलों को शामिल कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि मामले में कुछ लोगों से नकदी बरामद होने और कई कर्मचारियों के संदेह के घेरे में आने की जानकारी सामने आई है। विपक्ष के सवाल उठाने पर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गए, जबकि असल मुद्दा भ्रष्टाचार और चोरी के आरोपों की जांच का है।

संजय सिंह ने कहा कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही ट्रस्ट की कार्यप्रणाली की भी जांच जरूरी है।

श्री सिंह ने पार्टी के आगामी कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की पदयात्रा का छठा चरण 16 से 23 अगस्त तक पूर्वांचल में होगा। यह पदयात्रा आजमगढ़ से जौनपुर तक करीब 110 किलोमीटर की होगी। इसे सात से आठ दिन में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा में बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, सामाजिक न्याय, आरक्षण और भेदभाव जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित