नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- नीट यूजी परीक्षा लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर धरना देने और संसद मार्च निकालने वाले छात्रों तथा अन्य प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब पर अड़े विपक्ष ने लगातार सातवें दिन मंगलवार को भी राज्यसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। मानसून सत्र का आज सातवां दिन है और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में श्री शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के चलते अब तक एक दिन भी शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी है।
सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद जैसे ही शून्यकाल की कार्यवाही शुरू की विपक्ष के सदस्यों ने अपनी जगहों से उठकर श्री शाह के बयान की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति ने हंगामे के बीच ही शून्यकाल चलाना चाहा लेकिन शोर शराबा बढ़ता देख उन्होंने सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी।
इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध बरकरार रहने से मानसून सत्र के दौरान अब तक कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका है। विपक्ष के हंगामे के कारण सत्र का पहला पूरा सप्ताह हंगामे की भेंट चढ गया था। दूसर सप्ताह भी अब तक कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित