पटना , मार्च 16 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार में सम्पन्न द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने वाले विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्री कुशवाहा ने राज्यसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद आज बयान जारी कर कहा कि सभी विधायकों ने उनको तथा अन्य राजग उम्मीदवारों, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन , रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम की जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने अपने बहुमूल्य मत दिए, जिसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं।
रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह जीत बिहार और देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अटूट विश्वास और भरोसे को दर्शाती है।
श्री कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और लोकसभा सांसद चिराग पासवान सहित अन्य राजग नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने इस जीत को सुनिश्चित करने में योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि उच्च सदन के लिए उनका पुनर्निर्वाचन, उन्हें बिहार के हितों के लिए काम करने और महान समाज सुधारकों तथा नेताओं जैसे ज्योतिराव फुले , बीआर अम्बेदकर , स्वामी सहजानंद सरस्वती , कर्पूरी ठाकुर , राम मनोहर लोहिया और जगदेव प्रसाद के आदर्शों को साकार करने के लिए एक और अवसर देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित