चंडीगढ़ , मार्च 16 -- हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को विधानसभा परिसर में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले अपना वोट डाला।

मतदान में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस विधायक पहले हिमाचल प्रदेश के कसौली से चंडीगढ़ पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी विधायक एक साथ विधानसभा के लिए रवाना हुए। इस दौरान श्री हुड्डा, कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के करीबी माने जाने वाले विधायक चंद्रमोहन को अपनी गाड़ी में लेकर विधानसभा पहुंचे।

हालांकि मतदान शुरू होने के समय तक कांग्रेस के कुछ विधायक विधानसभा नहीं पहुंच पाए थे। बादली से विधायक कुलदीप वत्स ने बताया कि वह ट्रैफिक जाम के कारण रास्ते में फंसे हुए हैं। वहीं जुलाना से विधायक विनेश फोगाट भी शुरुआती समय में विधानसभा नहीं पहुंच सकीं।

दूसरी ओर भाजपा के विधायकों ने भी मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है। इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से अभी तक स्पष्ट रुख सामने नहीं आया है लेकिन चर्चा है कि पार्टी के दोनों विधायक इस चुनाव से दूरी बना सकते हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शाम चार बजे तक चलेगा और इसके बाद शाम पांच बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। मताें की गिनती पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जायेंग। आज अपराह्न दो बजे से विधानसभा का बजट सत्र भी प्रस्तावित है, इसलिए अधिकांश विधायक पहले मतदान कर रहे हैं।

इस चुनाव में भाजपा ने संजय भाटिया को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध मैदान में हैं। इसके अलावा भाजपा से जुड़े नेता सतीश नांदल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव लड़ रहे हैं।

अगर सभी 90 विधायक मतदान करते हैं तो किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए 31 वोटों की जरूरत होगी। मौजूदा राजनीतिक गणित के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलती दिखाई दे रही है। हालांकि क्रॉस वोटिंग या किसी वोट के अमान्य होने की स्थिति में निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल की स्थिति मजबूत हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित