लखनऊ , सितंबर 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा उम्मीदवार प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी ने बुधवार को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
दोनों उम्मीदवारों के नामांकन के साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर सपा की रणनीति का एक हिस्सा साफ हो गया है, जबकि तीसरे उम्मीदवार के नाम को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।
पार्टी के ऐलान के बाद दोनों उम्मीदवार बुधवार को नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। प्रोफेसर रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में उनकी गिनती होती है। वह लंबे समय से राज्यसभा में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उनके दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता पर भरोसा कायम रखा है।
वहीं, धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सपा का यह फैसला राजनीतिक रूप से चर्चा में है। धनराज नथवानी उद्योग जगत से जुड़े हैं और उनके पिता परिमल नथवानी राज्यसभा के सदस्य हैं। सपा के टिकट पर उनके नाम की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दो उम्मीदवारों के नामांकन के बाद अब निगाहें समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार पर टिकी हैं। पार्टी ने फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में तीसरे उम्मीदवार के नाम और सपा की आगे की रणनीति को लेकर सियासी हलकों में अटकलों का दौर जारी है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच सपा के दो उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने के बाद अब तीसरे नाम के ऐलान का इंतजार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित