नयी दिल्ली , जून 01 -- निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 27 तथा तीन राज्यों की विधान परिषदों की 17 सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक और उपचुनावों के संबंध में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आयोग ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि इन चुनावों के लिए अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं तथा रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
चुनाव आयोग के अनुसार राज्यसभा की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव तथा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में एक-एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा बिहार विधान परिषद की नौ सीटों और कर्नाटक विधान परिषद की सात सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि बिहार विधान परिषद की एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।
आयोग ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी तथा उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
आयोग ने कहा कि जहां चुनाव की स्थिति बनेगी, वहां 18 जून को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतों की गणना उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित