रांची, फरवरी 27 -- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा के निर्देशानुसार 6 मार्च को राज्य के चयनित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उमंग दिवस का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शुरू की गई यह पहल विशेष रूप से 10 से 19 वर्ष की आयु के किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। उमंग दिवस प्रत्येक माह के पहले शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा, जो किशोरों को अपनी बात रखने, नई बातें सीखने और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी व सेवाएँ प्राप्त करने के लिए एक सुरक्षित मंच प्रदान करेगा।
पहले उमंग दिवस के लिए बढ़ना और शरीर में होने वाले बदलाव विषय निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का राज्य स्तरीय उद्घाटन 6 मार्च को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यालय नामकुम, राँची में किया जाएगा।
सफल आयोजन के लिए विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 2 मार्च को जिला स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों बीपीएम, सीएचओ, एएनएम, सहिया साथी आदि के लिए ओरिएंटेशन और राज्य टीम द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का चयन इस कार्यक्रम के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम में किशोरों के साथ-साथ उनके अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायती राज के सदस्यों, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक मोबिलाइजेशन किया जाएगा।
अभियान निदेशक ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देशित किया है कि वे आयोजन स्थल पर बैनर, पोस्टर और अन्य आईईसी सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। आईईसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉक्टर राहुल किशोर सिंह ने बताया इस पहल का मुख्य लक्ष्य किशोरों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित