भोपाल , फरवरी 1 -- राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रविवार को भक्तिभाव और विधि-विधान के साथ नवीनीकृत लोकभवन मंदिर का शुभ लोकार्पण किया। श्रद्धा, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच संपन्न हुए इस पावन समारोह में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह भी उपस्थित रहे।
राज्यपाल श्री पटेल का मंदिर परिसर आगमन पर पारंपरिक सनातन रीति से स्वागत किया गया। उन्होंने कलश के साथ मंदिर में मंगल प्रवेश कर विधि-विधान से कलश एवं ध्वज का पूजन किया। भगवान के श्री चरणों में पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के मंगल की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल ने माँ सरस्वती की पावन प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया तथा प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में किए गए नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का अवलोकन करते हुए इसे आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्हें अवगत कराया गया कि मंदिर परिसर को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह कार्य किया गया है।
नवीनीकरण की संपूर्ण परियोजना 84 लाख 13 हजार 100 रुपये की लागत से पूरी की गई है। इसमें लगभग 76 लाख 96 हजार रुपये की लागत से सिविल निर्माण तथा करीब 7 लाख 16 हजार रुपये के विद्युत कार्य कराए गए हैं। परिसर में लगभग 2700 वर्गफुट क्षेत्रफल का विशाल हॉल, 1120 वर्गफुट क्षेत्र में भोजनशाला एवं भंडारा कक्ष तथा 560 वर्गफुट क्षेत्र में सुसज्जित रसोईघर का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, मुख्य अभियंता लोक निर्माण श्री संजय मस्के, अधीक्षण यंत्री हरी शंकर जयसवाल, नियंत्रक हाऊसहोल्ड लोकभवन श्रीमती शिल्पी दिवाकर सहित लोक निर्माण विभाग की सिविल व इलेक्ट्रिकल शाखा, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा लोकभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित