चेन्नई , मई 09 -- तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर ने तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख जोसेफ विजय का सरकार बनाने का दावा शनिवार को अंततः स्वीकार कर लिया और वह रविवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

टीवीके अपने पहले विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाई थी। तकनीकी रूप से श्री विजय के पास 107 विधायक माने जा रहे थे क्योंकि उन्होंने खुद दो सीटों से जीत दर्ज की है। इस तरह बहुमत के लिए उन्हें 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी।

पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने उन्हें तुरंत समर्थन देने का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद श्री विजय राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल ने उन्हें बहुमत के लिए जरूरी 117 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपने को कहा था। इसके बाद दो-दो विधायकों वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी उन्हें समर्थन देने की घोषणा की थी, लेकिन राज्यपाल इससे भी संतुष्ट नहीं हुए। दो-दो विधायकों वाले विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के शनिवार को समर्थन देने की घोषणा के बाद श्री विजय चौथी बार लोकभवन गये और राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया।

टीवीके प्रमुख रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और राज्यपाल के निर्देश के अनुरूप उन्हें 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करना होगा। श्री विजय के साथ कुछ अन्य मंत्रियों के भी शपथ ग्रहण करने की संभावना है।

संभावित मंत्रियों में टीवीके महासचिव 'बुसी' एन आनंद, आधव अर्जुना, पूर्व अन्नाद्रमुक मंत्री केए सेंगोट्टायन और पूर्व आईआरएस अधिकारी अरुण राज शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से थरगई काउथबर्ट और पी. विश्वनाथन के मंत्री बनने की संभावना है।

इससे पूर्व, श्री विजय ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, माकपा राज्य सचिव पी. शन्मुगम, सांसद सु. वेंकटेशन तथा सहयोगी दलों के अन्य नेता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित