रायपुर , जून 10 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शहर और नया रायपुर में लगाए गए वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा है कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा, नियमित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
लोकभवन से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार राज्यपाल से लोक भवन में प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पांडे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त सम्बित मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणिवासगन एस तथा रायपुर वन मंडल के डीएफओ लोकनाथ पटेल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने शहर और नया रायपुर में लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा और संरक्षण संबंधी विषयों पर चर्चा की।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा और देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही वृक्षों की कटाई की अनुमति दी जानी चाहिए।
उन्होंने शहर में विकसित हो चुके बड़े वृक्षों के आसपास लगे ट्री गार्ड हटाने तथा वृक्षों के चारों ओर बनाए गए कंक्रीट ढांचों को हटाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि वृक्षों की जड़ों तक पर्याप्त मात्रा में पानी और हवा पहुंचना आवश्यक है, जिससे उनका समुचित विकास हो सके।
श्री डेका ने कहा कि ''एक पेड़ मां के नाम'' जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने पौधारोपण के बाद पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ाने, उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा शहर में हरित क्षेत्र विस्तार के लिए वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि विकसित होकर बड़े वृक्ष बनने वाले पौधे ही पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित