वाराणसी , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वाराणसी के रामनगर स्थित वृद्धाश्रम एवं राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं, स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

राज्यपाल ने मंगलवार देर शाम रामनगर स्थित वृद्धाश्रम का भ्रमण कर वहां निवासरत वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा उन्हें पौष्टिक फलों की टोकरियां वितरित कीं।

इसके बाद राज्यपाल ने रामनगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिका गृह के किचन, आवासीय कक्षों एवं स्टोर रूम का गहन निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ तथा गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने राज्यपाल को बालिका गृह में संचालित व्यवस्थाओं एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित