चंडीगढ़ , जनवरी 14 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गोल्फ खिलाड़ियों सम्मानित किया।
सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि लोक भवन में ''सीजीए चैंपियंस 2025" शीर्षक से मंगलवार को आयोजित इस समारोह में सम्मानित प्रमुख खिलाड़ियों में युवराज सिंह शामिल रहे, जिन्होंने वर्ष 2025 में एक ही सत्र में रिकॉर्ड सात खिताब जीतते हुए पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पद्म श्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जीव मिल्खा सिंह, तथा अर्जुन पुरस्कार विजेता शुभंकर शर्मा और गगनजीत भुल्लर को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
उपलब्धि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए, राज्यपाल कटारिया ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की और कहा कि इन उपलब्धियों से चंडीगढ़, पंजाब तथा पूरे देश का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन (सीजीए) द्वारा विकसित विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं एवं सुदृढ़ कोचिंग इकोसिस्टम की भी सराहना की तथा कहा कि इसने ओलंपिक खेल में चंडीगढ़ एवं ट्राई-सिटी क्षेत्र के युवा गोल्फ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री आर.के. पचनंदा, आईपीएस (सेवानिवृत्त), ने सम्मानित खिलाड़ियों से निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया और आश्वस्त किया कि सीजीए प्रशिक्षुओं को सभी आवश्यक सुविधाएँ निरंतर उपलब्ध कराता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एक दिन चंडीगढ़ गोल्फ में ओलंपिक पदक जीतने का अपना सपना अवश्य साकार करेगा।
सीजीए अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वर्ष 1999 में स्थापित चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन गोल्फ खेल के प्रचार-प्रसार और विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहा है। संस्थान द्वारा संरचित प्रशिक्षण, पेशेवर कोचिंग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के खिलाड़ियों सहित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत के अधिकांश शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी चंडीगढ़ से हैं और सीजीए ने ही इनकी प्रतिभा को निखारने का काम किया है। वर्तमान में भारत की रैंकिंग में नंबर 1, 2, 4 और 5 स्थान पर रहने वाले सभी गोल्फ खिलाड़ी चंडीगढ़ से हैं, जो भारतीय गोल्फ में शहर के वर्चस्व को दर्शाता है। सीजीए के गोल्फ खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों और एशियाई खेलों सहित विश्व के सर्वोच्च मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है तथा वे भारत के पदक विजेता दलों का भी हिस्सा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित