पटना, मई 12 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन में मुंगेर विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।

बिहार लोक भवन में आज मुंगेर विश्वविद्यालय के कार्यकलापों पर आयोजित प्रस्तुतीकरण के दौरान उच्च शिक्षा प्रणाली के कार्यकरण की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें विशेष रूप से शैक्षणिक मानकों, प्रशासनिक व्यवस्था, डिजिटल एकीकरण, वित्तीय प्रबंधन तथा संस्थागत जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित किया गया।

समीक्षा के दौरान इस बात पर बल दिया गया कि बिहार के विश्वविद्यालयों को अधिक पारदर्शिता, दक्षता, तकनीक-सक्षम प्रशासन तथा छात्र-केंद्रित शासन व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्मों के प्रभावी उपयोग, वित्तीय अनुशासन को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा संस्थागत कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।

इस बैठक में नामांकन, परीक्षाओं, शोध गतिविधियों, आधारभूत संरचना, छात्र कल्याण, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा सतत विकास संबंधी पहलुओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रबंधन के लिए एकीकृत डिजिटल प्रणालियों को अपनाने के महत्व को रेखांकित किया गया।

राज्यपाल की तरफ से की गई यह समीक्षा प्रक्रिया बिहार में उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं उत्तरदायी बनाने की व्यापक पहल का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत निरंतर समीक्षा, बेहतर प्रशासनिक पद्धतियों तथा बदलती शैक्षणिक एवं सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप संस्थागत कार्यप्रणाली को विकसित करने पर बल दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित