पटना , अगस्त 21 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन में बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
श्री हसनैन ने इस दौरान विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को समय पर सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की कमी को शीध्र दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तर पर शिकायत निवारण कोषांग गठित करने को भी कहा।
श्री हसनैन ने सभी प्रधानाचार्यों के लिए नैक एक्रीडेशन से संबंधित कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए, जिससे कॉलेजों को बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता और मूल्यांकन के लिए तैयार किया जा सके। राज्यपाल ने बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।
राज्यपाल ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन और पेंशन का समय पर भुगतान, विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्रों को नियमित रखने तथा विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर डिग्री एवं अन्य शैक्षणिक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कुलपति प्रो. विमलेन्दु शेखर झा ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय में मानव संसाधन, आधारभूत सुविधाओं, केंद्रीय पुस्तकालय, अध्ययन केंद्रों, शोध एवं विकास, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल व्यवस्था एवं ई-गवर्नेंस, एनएसएस, एनसीसी तथा उन्नत भारत अभियान सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से उन्हें अवगत कराया।
बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह तथा बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा एवं राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित