पटना , अगस्त 03 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन की ओर से प्रकाशित पत्रिका 'प्रज्ञा बिहार' के प्रथम अंक का लोकार्पण किया।

राज्यपाल ने लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सदियों से ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है। इसकी गौरवशाली विरासत को देश और दुनिया के सामने नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। इस संदर्भ में उन्होंने अपने हाल में प्रकाशित लेख ''रीडिस्कवरिंग द स्ट्रेटेजिक ज्योग्राफी ऑफ बिहार'' का उल्लेख करते हुए बिहार के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व पर प्रकाश डाला।

श्री हसनैन ने कहा कि ज्ञान ही प्रगति का आधार है। ज्ञान हमें दिशा देता है, हमारी सोच को समृद्ध बनाता है और हमें अपनी वास्तविक शक्ति को पहचानने का अवसर देता है।

राज्यपाल ने कहा कि 'प्रज्ञा बिहार' को एक उच्च स्तरीय त्रैमासिक जर्नल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, सिविल सेवकों, नीति-निर्माताओं और बुद्धिजीवियों के विचार प्रकाशित होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह जर्नल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित