पटना , अक्टूबर 18 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने दुर्गापूजा एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर राज्य और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री हसनैन ने इस पर्व को अच्छाई की बुराई पर, सत्य की असत्य पर और न्याय की अन्याय पर विजय का प्रतीक बताते हुए इसके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि मां दुर्गा की आराधना नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण की प्रेरणा देती है। वहीं, प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन धर्म, करुणा, सेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा जैसे शाश्वत मूल्यों का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा और विजयादशमी जैसे पर्व हमें इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा साहस, विवेक और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं।
श्री हसनैन ने कामना की कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं तथा समाज में सद्भाव, परस्पर सम्मान और भाईचारे की भावना को और मजबूत करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित