हनुमाकोंडा , जुलाई 09 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने लोगों से तेलंगाना और देश को नशा-मुक्त बनाने में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करते हुए मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई को जन-आंदोलन में बदलने का आह्वान किया है।

श्री शुक्ला ने हनुमाकोंडा में एकीकृत ज़िला कार्यालय परिसर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित 'नशा मुक्त भारत अभियान-नशा मुक्त तेलंगाना' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करना सिर्फ़ सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवारों, समुदायों एवं नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

श्री शुक्ला ने मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता पोस्टर का अनावरण किया और सामाजिक कल्याण मंत्री अद्लुरी लक्ष्मण कुमार तथा विधायकों के साथ अभियान रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर छात्रों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों एवं जनता को 'नशा मुक्त भारत' की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने समाहरणालय से सरकारी कला एवं विज्ञान महाविद्यालय तक मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का आयोजन संयुक्त रूप से तेलंगाना आबकारी विभाग, तेलंगाना मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो, पुलिस विभाग तथा महिला, बाल, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण विभाग द्वारा किया गया।

श्री शुक्ला ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया 'नशा मुक्त भारत अभियान' एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक आंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करना सिर्फ़ सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं है बल्कि इसके लिए परिवारों, समुदायों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रत्येक परिवार से यह संकल्प लेने का आग्रह किया कि उनके घरों में मादक पदार्थों के लिए कोई जगह नहीं हो और सामाजिक बदलाव की शुरुआत व्यक्तिगत संकल्प से होती है। राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि वे मादक पदार्थों से दूर रहें और अपने परिवार, दोस्तों तथा समुदाय के लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का उल्लेख करते श्री शुक्ला ने कहा कि खेलों में ज़्यादा भागीदारी युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखने में मदद कर सकती है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान "खेलों को बढ़ावा दें - मादक पदार्थों को हराएं - हिमाचल को बचाएं" के नारे के साथ शुरू किए गए ऐसे ही एक अभियान को याद करते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि तेलंगाना के हर ज़िले में भी ऐसा ही आंदोलन फैलेगा।

राज्यपाल ने मादक दवाओं के दुरुपयोग से निपटने में राज्य सरकार की कोशिशों की सराहना की और इस अभियान का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को बधाई दी। उन्होंने सभी लोगों को एकसाथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे हर ज़िले को नशा-मुक्त बनाने का काम करें और नशा-मुक्त भारत के दृष्टिकोण में अपना योगदान दें।

समाज कल्याण मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नशा-मुक्त भारत के दृष्टिकोण के तहत शुरू किया गया 'नशा मुक्त भारत अभियान' पूरे देश में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना सरकार राज्य से मादक पदार्थों को खत्म करने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना लागू कर रही है। मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में राज्यपाल की भागीदारी और युवाओं के लिए उनका संदेश मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को मजबूत करेगा और लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित