छपरा, मार्च 23 -- बिहार के राज्यपाल -सह-कुलाधिपति सैयद अता हसनैन ने सोमवार को जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में तीन दिवसीय अखिल भारतीय दर्शन परिषद के 70 वें राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन किया।

श्री हसनैन ने इस अवसर पर कहा कि राज्यपाल का पद भर ग्रहण करने के बाद उनका सबसे पहला सार्वजनिक कार्यक्रम पूर्व राष्ट्रपति स्व. राजेन्द्र प्रसाद,महान स्वतंत्रता सेनानी और दूसरी आजादी के प्रणेता स्व.लोकनायक जयप्रकाश भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि -सह-लोक कलाकार स्व.भिखारी ठाकुर के जन्म स्थान पर हो रहा है, जो उनके लिए गौरव की बात है।

राज्यपाल ने उपनिषद और भगवद गीता की चर्चा करते हुए कहा कि सभी धर्म ग्रंथों में ईश्वर को एक और सर्वमान्य माना गया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सीमा ही नहीं, बल्कि देश के अंदर चल रही गतिविधियों से भी जुडी हुई है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएं दी।

इससे पूर्व जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ. परमेंदर कुमार बाजपेई ने अपने स्वागत भाषण में राज्यपालश्री हसैनन का स्वागत करते हुए अपने दो वर्ष के कार्यकाल की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि उन्होंने देश के सात विश्वविद्यालयों से सहयोग प्राप्त कर अकादमिक शुद्धिकरण का काम प्रारम्भ किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्य से विश्वविद्यालय में अध्ययनरत् छात्रों को भविष्य में कहीं भी नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में विश्वविद्यालय में 11 नये भवन के निर्माण की भी जानकारी दी।

श्री बाजपेई ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान वह विश्वविद्यालय में लगभग 50 से ज्यादा परीक्षाओं का आयोजन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो रहे नये सत्र में विश्वविद्यालय नियमित रूप से अपना सत्र पूरा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित