रांची , अप्रैल 16 -- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को राज्य का नया लोकायुक्त नियुक्त किया है।

इस संबंध में गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। अब जल्द ही उन्हें राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाई जाएगी।

31 मई 1959 को जन्मे अमिताभ कुमार गुप्ता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा साहिबगंज के संत जेवियर्स स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद हिंदू कॉलेज से स्नातक और दिल्ली यूनिवर्सिटी से पीजी व एलएलबी की डिग्री हासिल की।

उन्होंने 1997 में एकीकृत बिहार में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज के रूप में न्यायिक सेवा शुरू की। राँची में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश (पशुपालन), पीआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन और झारखंड सरकार में विधि सचिव जैसे अहम पदों पर भी उन्होंने सेवाएं दीं।

सितंबर 2013 में वे झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने और 30 मई 2021 को सेवानिवृत्त हुए। उनकी नियुक्ति को राज्य में जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित