पटना , जुलाई 18 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने आज बिहार की राजधानी के मशहूर खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी का परिभ्रमण किया।

श्री हसनैन ने इस दौरान दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण तथा भारत सरकार के 'मिशन ज्ञान भारतम्' के अंतर्गत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया।

राज्यपाल ने तारीख़-ए-खानदान-ए-तैमूरिया, दीवान-ए-हाफ़िज़, जीवविज्ञान पर आधारित किताबुल हशाइश तथा शल्य चिकित्सा से संबंधित किताबुल तसरीफ़ सहित अनेक दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन किया। उन्होंने इन पांडुलिपियों को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, पुस्तकालय की अन्य गतिविधियों की भी समीक्षा करते हुए उन्हें और प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष हैं।

इस अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती सबीहा हसनैन एवं राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित