पटना, मई 12 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन में आयोजित बैठक में सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को 'समर्थ पोर्टल' के विशेष मॉड्यूल्स (इकाइयों) को मिशन मोड (विशेष लक्ष्य और तय समय सीमा) के अंदर लागू करने के निर्देश दिए हैं।

श्री हसनैन ने कहा कि समर्थ पोर्टल के कम-से-कम 10 मॉड्यूल्स का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। समर्थ पोर्टल भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से विकसित एक डिजिटल ई-गवर्नेंस प्लेटफोर्म है, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है।

राज्यपाल ने कहा कि इसके कार्यान्वयन के समय समर्थ पोर्टल पर अपलोड किए जाने वाले डेटा की पूर्ण विश्वसनीयता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए ऐसी प्रमाणन व्यवस्था विकसित की जाए, जिसके अंतर्गत यह सुनिश्चित हो कि अपलोड किए गए डेटा का विधिवत परीक्षण एवं सत्यापन कर लिया गया है।

श्री हसनैन ने बैठक के दौरान उच्च शिक्षा व्यवस्था के अध्ययन एवं सुधार संबंधी सुझावों के लिए तीन अलग-अलग टास्क फोर्स गठित करने के भी निर्देश दिए, जो अन्य राज्यों का भ्रमण कर वहाँ की उच्च शिक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा श्रेष्ठ प्रथाओं का अध्ययन करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित