पटना , जून 28 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने कबीर जयंती के पावन अवसर पर बिहारवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।
राज्यपाल ने कहा है कि संत कबीरदास एक महान संत, कवि, समाज सुधारक तथा भक्तिकाल के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से भेदभाव, संकीर्ण मतवाद, अलगाववादी प्रवृत्तियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक रूढ़ियों के विरुद्ध जन-मानस में जागृति उत्पन्न करने का प्रयास किया। साथ ही, उन्होंने प्रेम, भाईचारे, सद्भाव, समरसता और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की।
श्री हसनैन ने कहा कि ज्ञानाश्रयी शाखा के महान साधक संत कबीरदास ने भक्ति तथा आंतरिक साधना के मार्ग का प्रवर्तन किया। भारतीय समाज और संस्कृति के प्रति उनका योगदान अमूल्य एवं अविस्मरणीय है।
राज्यपाल ने बिहारवासियों से संत कबीर के जीवन-दर्शन से प्रेरणा ग्रहण कर एक स्वस्थ, समावेशी, न्यायपूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित