नैनीताल , जून 20 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) गुरमीत सिंह ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
राज्यपाल ने शनिवार को जारी अपने संदेश में कहा कि बदलते जीवन परिवेश में योग न केवल शारीरिक स्फूर्ति प्रदान करता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करता है और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। साथ ही यह समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में भी सहायक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक और प्रेरित करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को अपनाकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित