चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने गुरुवार को लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल (प्रोफेसर) असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आयुष क्षेत्र को सशक्त बनाने तथा प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में राज्यपाल ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एम्स के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

प्रोफसर घोष ने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की भी जानकारी ली। इस पर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा जल्द ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके औपचारिक उद्घाटन के बाद इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

श्री जाधव ने राज्यपाल को बताया कि केंद्र सरकार देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और आधुनिकीकरण के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धति को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है ताकि सभी वर्गों, विशेषकर गरीब और वंचित लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

राज्यपाल घोष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना आवश्यक है, जिससे दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने सभी नागरिकों तक समान और प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना को लगातार सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित