चंडीगढ़ , जून 25 -- हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने पंचकूला स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में लिफ्ट स्थापना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने गुरुवार को कहा कि इससे मरीजों, विशेषकर दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों को बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकेंगी।
लोक भवन, चंडीगढ़ में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अस्पताल की लिफ्ट परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गयी। राज्यपाल ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को जल्द लाभ मिल सके।
गौरतलब है कि साकेत अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 1.50 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गयी है। इसमें एक करोड़ रुपये आधुनिक लिफ्ट की स्थापना और 50 लाख रुपये चिकित्सा और अन्य आवश्यक उपकरणों की खरीद पर खर्च किये जाएंगे। बैठक में राज्य में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गयी। पेयजल व्यवस्था पर चर्चा के दौरान राज्यपाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा, राज्यपाल ने प्रदेश में चल रही आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों में निरंतर गति बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित