नैनीताल , मई 16 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह शनिवार को नैनीताल के दौरे पर पहुंचे। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। लोकभवन आगमन पर कुमाऊं आयुक्त, दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. मंजूनाथ टीसी की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।

इस दौरान राज्यपाल महोदय ने कहा कि कुमाऊं मंडल आगमन पर उन्हें विशेष खुशी और आत्मीय अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि नैनीताल प्रवास के दौरान वह कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों का भ्रमण करेंगे तथा विभिन्न जिलों में संचालित विकास कार्यों और गतिविधियों की जानकारी लेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि वह सीमांत क्षेत्रों और वाइब्रेंट विलेज का भी दौरा करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया कि नैनीताल लोकभवन परिसर में गवर्नर गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बालक-बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है। विशेष रूप से बेटियों की सहभागिता को उन्होंने सराहनीय बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकभवन में "एक शाम सैनिकों के नाम" कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा कुमाऊं मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर विकास कार्यों और क्षेत्रीय चुनौतियों की समीक्षा भी की जाएगी।

राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। मंदिर माला मिशन के तहत यहां के मंदिरों और पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरोवर नगरी प्रवास के दौरान स्वयं सहायता समूहों से मुलाकात कर महिलाओं और ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाने की बात भी कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित