रायपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की पहल के तहत अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के विकासखंड दरभा स्थित सुदूर वनांचल क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा-चिंगपाल को 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराए हैं।
लोक भवन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक हस्तांतरण किया। इन कंप्यूटरों के माध्यम से वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके ज्ञान और कौशल का विकास होगा।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय को कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए राज्यपाल ने पूर्व में अपने स्वेच्छानुदान मद से स्वीकृति प्रदान की थी।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (बस्तर) के प्राचार्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित