शिलांग , अप्रैल 28 -- मेघालय के राज्यपाल चंद्रशेखर एच. विजयशंकर ने मेघालय राजभाषा अध्यादेश, 2026 को मंजूरी दे दी है, जिसके अंतर्गत अंग्रेजी के साथ-साथ खासी और गारो को भी राज्य की आधिकारिक भाषाओं के रूप में औपचारिक रूप से मान्यता दी गई है।
मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है कि यह अध्यादेश संविधान की आठवीं अनुसूची में खासी और गारो समुदायों को शामिल करने की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा को मजबूत करेगा।
श्री संगमा ने एक्स पर पोस्ट किया, "इससे खासी और गारो समुदायों को आठवीं अनुसूची के तहत मान्यता दिलाने की हमारी आकांक्षाओं को और मजबूती मिलेगी। मैं राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर जी को इस अत्यंत महत्वपूर्ण अध्यादेश को मंजूरी देने के लिए धन्यवाद देता हूं।"27 अप्रैल को जारी और मेघालय के राजपत्र में आम जानकारी के लिए प्रकाशित इस अध्यादेश में, पूर्ववर्ती मेघालय राज्य भाषा अधिनियम, 2005 को निरस्त करके एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव को दर्शाया गया है। अध्यादेश, 2026 को 16 अप्रैल को मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित किया गया था।
नए अध्यादेश के अंतर्गत पूर्व में लागू मेघालय राज्य भाषा अधिनियम 2005 को निरस्त कर दिया जाएगा।
प्रकाशित राजपत्र के अनुसार, "अंग्रेजी, खासी और गारो भाषाएं मेघालय के सभी या किसी भी आधिकारिक प्रयोजनों के लिए उपयोग की जाने वाली आधिकारिक भाषाएं होंगी,बशर्ते कि राज्य के सभी दीवानी और आपराधिक न्यायालयों में अंग्रेजी भाषा का उपयोग जारी रहेगा।"इसमें यह भी प्रावधान है कि मेघालय विधान सभा में कामकाज मेघालय राज्य विधानमंडल (अंग्रेजी भाषा का संचालन) अधिनियम, 1980 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
इस अध्यादेश से विभिन्न भाषाई समूहों के शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के माध्यम के संबंध में संविधान के तहत गारंटीकृत अधिकारों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और वे अप्रभावित रहेंगे। नए अध्यादेश के लागू होने के साथ ही मेघालय राज्य भाषा अधिनियम, 2005 को निरस्त कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित