चंडीगढ़ , फरवरी 10 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को कहा कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में नशे के खिलाफ लगातार यात्राएं निकाल रही है , लेकिन सरकार की सफलता से बौखलाए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने जो अपनी अलग यात्रा शुरू की है, उसका तरीका और उसमें शामिल लोग कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
श्री धालीवाल ने स्पष्ट किया कि हम नशे के खिलाफ किसी भी मुहिम के विरोधी नहीं हैं और चाहते हैं कि हर व्यक्ति इस लड़ाई का हिस्सा बने, लेकिन राज्यपाल का उन लोगों को साथ लेकर चलना निंदनीय है जो खुद पंजाब में नशा फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होने कहा कि जिस यात्रा में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के नेता अश्वनी शर्मा साथ बैठे हों, वह यात्रा नशा खत्म करने के लिए नहीं बल्कि अपराधियों को बचाने की कोशिश लगती है। उन्होंने कहा कि 2007 से 2017 तक पंजाब में जिनकी सरकार रही, उन्हीं के राज में नशा फला-फूला और आज वही लोग राज्यपाल के साथ मंच साझा कर रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए नशा तस्करों को पनाह दी।
आप नेता ने अगर राज्यपाल वास्तव में गंभीर हैं, तो उन्हें उन लोगों और संस्थाओं को साथ लेकर चलना चाहिए जो पिछले कई सालों से जमीन पर नशे के खिलाफ ईमानदारी से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से नशा हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती रहा है और हम पिछले चार साल से इसके खिलाफ निर्णायक जंग लड़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित