लखनऊ , जनवरी 30 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनभवन स्थित गांधी सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यपाल ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राजभवन के अधिकारियों ने भी गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के अंतर्गत भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय तथा जनभवन में अध्यासित बच्चों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुत भजनों में रघुपति राघव, वैष्णव जन तो तेनी कहिए, ॐ तत्सत् नारायण तथा श्री रामचंद्र कृपालु भगवान शामिल रहे।

शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की स्मृति में राज्यपाल सहित राजभवन के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं उपस्थित गणमान्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित