चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने गुरुवार को लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष क्षेत्र के विस्तार और प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की भी जानकारी ली।
प्रतापराव जाधव ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श और उपचार सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संस्थान का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित