नयी दिल्ली , जुलाई 18 -- भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार एवं पूर्व सांसद राजेश खन्ना की 14वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को यहां चाणक्यपुरी स्थित 'राजेश खन्ना द ट्रीट' परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी और बडी संख्या में उनके प्रशंसकों ने उन्हें याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत हवन से हुई। बाद में विपिन ओबेरॉय और उनकी पत्नी के नेतृत्व में निर्माण श्रमिकों, जे.जे. क्लस्टर और जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन के पैकेट और कपड़ों का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रीति देव, संजय निर्वाण, बाली और अनुष्का सहित कई गायकों ने राजेश खन्ना पर फिल्माये गये किशोर कुमार के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किये।
राजेश खन्ना ने 1969 में आराधना से सुपरस्टार का दर्जा हासिल किया था। वह 1992 से 1996 तक नयी दिल्ली संसदीय सीट से लोकसभा में कांग्रेस के सांसद भी रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सिनेमा में उनका योगदान और उनकी लोकप्रियता आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। समारोह में उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप, उत्तराखंड पत्रकार फोरम के अध्यक्ष सुनील नेगी, विपिन ओबेरॉय तथा अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित