रायपुर , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात की और योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

श्री अग्रवाल ने गौरेला विकासखंड की ग्राम पंचायत धनौली में पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही कार्तिक राम बैगा और धीरपाल सिंह बैगा के नवनिर्मित आवासों का अवलोकन किया। उन्होंने दोनों परिवारों से आवास मिलने के बाद हुए बदलावों को लेकर बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने धीरपाल सिंह बैगा की पत्नी भानुकला बैगा से भी मुलाकात की। भानुकला ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के महिला स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और बकरी पालन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए आय अर्जित कर रही हैं। उन्हें 'लखपति दीदी' के रूप में चिह्नित किया गया है। मंत्री ने उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली और इसके विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री अग्रवाल ने आयुष्मान भारत योजना के हितग्राही नेमचंद गुर्जर और उनके परिवार से भी मुलाकात की। गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार का लाभ लिया है और रेबीज का टीकाकरण भी कराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित