अंबिकापुर , मई 08 -- छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को अंबिकापुर के राजमोहनी भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 43 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। वरमाला, फेरे और सिंदूरदान की रस्मों के साथ नवदंपत्तियों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल शासकीय योजना नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, अनावश्यक खर्च कम करने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नवदंपत्तियों से आपसी विश्वास, प्रेम और सहयोग के साथ जीवन बिताने का आह्वान किया।

योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तथा आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे सम्मानपूर्वक गृहस्थ जीवन की शुरुआत कर सकें।

राज्य सरकार के अनुसार प्रदेशभर में शुक्रवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में कुल 2188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। अंबिकापुर समारोह में नवदंपत्तियों और उनके परिजनों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित