चेन्नई , मार्च 12 -- श्री राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने गुरुवार को तमिलनाडु के 27वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली।

श्री अर्लेकर ने श्री आर एन रवि की जगह ली है, जिन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है।

मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी ने यहां लोक भवन के भरतियार मंडपम में आयोजित समारोह में श्री अर्लेकर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन , तमिलनाडु की प्रथम महिला अनघा अर्लेकर , केंद्रीय सूचना प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री एल मुरुगन, विधानसभा अध्यक्ष एम अप्पावु, उपाध्यक्ष के पिचंडी, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य , मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, विधायकगण , ग्रेटर चेन्नई निगम के महापौर और उप महापौर शामिल थे। इस मौके पर चेन्नई में सशस्त्र बलों के प्रमुख, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों नेता भी मौजूद रहे।

लोक भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि तमिलनाडु की अलग-अलग सरकारी और निजी विश्वविद्यालय के कुलपति , साथ ही राज्य में कई केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों के निदेश भी इस शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए। उद्योगपति , बड़े प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि , चिकित्सा विभाग के जाने-माने सदस्य, उद्योगपति , सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के प्रतिनिधि , सेवा संस्थानों,गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और विधि विभाग के जुड़े सदस्यों समेत समाज के अलग-अलग सेक्शन की जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित